सामाजिक अंकेक्षण का काम प्रशिक्षित ग्राम सामाजिक एनीमेटर से कराने की मांग

0 8

रिपोर्टर-सोहन श्याम

 

डिंडौरी-जिले के समस्त विकासखंडों के ग्राम विकास सामाजिक एनीमेटर संघ ने केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) का कार्य पूर्व से चयनित एवं प्रशिक्षित ग्राम सामाजिक एनीमटरों से ही कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर डिंडोरी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संघ ने ज्ञापन में कहा कि सामाजिक अंकेक्षण शासन की योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही, जनभागीदारी और सुशासन सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मध्यप्रदेश में वर्षों से ग्राम सामाजिक एनीमटरों का चयन कर उन्हें विधिवत प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षित एनीमटरों द्वारा मनरेगा सहित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण का कार्य किया जाता रहा है। संघ का कहना है कि वर्तमान में विभिन्न योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण का कार्य बाहरी व्यक्तियों, निजी एजेंसियों अथवा अन्य संस्थाओं को सौंपे जाने की संभावना है। इससे वर्षों से प्रशिक्षित एवं अनुभवी ग्राम सामाजिक एनीमटरों की उपेक्षा होगी। साथ ही शासन द्वारा इनके चयन एवं प्रशिक्षण पर पूर्व में खर्च किए गए समय और संसाधनों का भी समुचित उपयोग नहीं हो पाएगा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ग्राम सामाजिक एनीमेटर स्थानीय परिस्थितियों, सामाजिक संरचना और शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन से परिचित होते हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित एनीमटरों के माध्यम से सामाजिक अंकेक्षण कराया जाना अधिक प्रभावी और विश्वसनीय हो सकता है।

बाहरी एजेंसियों को कार्य नहीं देने की मांग

संघ ने मांग की है कि केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण पूर्व से चयनित एवं प्रशिक्षित के माध्यम से ही कराया जाए। बाहरी व्यक्तियों, निजी एजेंसियों अथवा अप्रशिक्षित लोगों को यह जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाए। साथ ही वर्तमान प्रशिक्षित ग्राम सामाजिक एनीमटरों को नियमित रूप से सामाजिक अंकेक्षण का कार्य उपलब्ध कराया जाए। संघ ने शासन द्वारा पूर्व में तैयार किए गए प्रशिक्षित मानव संसाधन का उपयोग करने की मांग करते हुए कहा कि इससे नए व्यक्तियों के प्रशिक्षण पर होने वाले अनावश्यक समय एवं वित्तीय व्यय से भी बचा जा सकेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम विकास सामाजिक एनीमेटर संघ के जिला अध्यक्ष आदर्श दुबे , जिला सचिव करुणा गौतम , जिला मीडिया प्रभारी व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वेद प्रकाश यादव , कोषाध्यक्ष सुदर्शन आंध्रवान , उपाध्यक्ष संतोष राजस्ते सहित सातों विकासखंड के समस्त ग्राम सामाजिक एनिमेटर शामिल रहे ।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment