बहरी पुलिस की तत्परता से 3 लापता नाबालिग बालक सकुशल बरामद, सतना रेलवे स्टेशन से किया गया दस्तयाब

रीवा, सतना पुलिस और जीआरपी के समन्वय से मिली सफलता, परिजनों ने जताया आभार
सीधी, 26 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में बहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लापता नाबालिग बालकों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। यह सफलता रीवा पुलिस, सतना पुलिस एवं जीआरपी सतना के साथ बेहतर समन्वय के चलते मिली।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे परिजनों ने थाना बहरी में सूचना दी कि उनके तीन नाबालिग बालक शाम लगभग 5 बजे से घर से लापता हैं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच के दौरान पता चला कि बालक रीवा-सतना की ओर गए हैं। इसके बाद बहरी पुलिस ने तत्काल रीवा पुलिस, सतना पुलिस और जीआरपी सतना से संपर्क कर आवश्यक जानकारी साझा की।
पुलिस के लगातार प्रयास और विभिन्न पुलिस इकाइयों के समन्वय से तीनों नाबालिग बालकों को सतना रेलवे स्टेशन से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
�सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई बच्चा लापता हो जाए तो तत्काल निकटतम थाना या डायल 100/112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।