नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का 12वां दिन: व्यापारी, एनजीओ और सोशल ग्रुप ने मिलकर दिया नशामुक्ति का संदेश

सीधी पुलिस ने बाजार, हाट और सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जनजागरूकता अभियान, अवैध मादक पदार्थों की सूचना देने की अपील
सीधी, 26 जुलाई 2026।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जिला पुलिस सीधी ने रविवार को अभियान के 12वें दिन व्यापारी वर्ग, एनजीओ, सोशल ग्रुप और आमजन की सहभागिता से जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान शॉपिंग मॉल, बाजार, हाट एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों से सीधा संवाद कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। युवाओं सहित सभी वर्गों के लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सिहावल चौकी (थाना अमिलिया) के रामपुर बाजार में व्यापारी वर्ग, नागरिकों, माताओं-बहनों एवं पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में नशा विरोधी कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 100 लोगों ने भाग लिया।
थाना कुसमी क्षेत्र में व्यापारी एकता संघ, ग्राम पंचायत भगवार के सरपंच, पंच एवं आमजनों को जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीराबाई सिंह की उपस्थिति में नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
महिला थाना एवं थाना अजाक सीधी द्वारा गांधी चौक में व्यापारियों और आमजन के साथ जनसंवाद कर नशामुक्ति अभियान का संदेश दिया गया, जिसमें करीब 140 लोग शामिल हुए।
इसके अलावा थाना भुईमाड़ के मझौली टोला तथा थाना बहरी के ग्राम पैगमा में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों और इसके सामाजिक प्रभावों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों से अवैध मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री, परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध सतर्क रहने और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
जिला पुलिस ने आमजन से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना हेल्पलाइन नंबर 7701057502 पर देने की अपील की गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जिला पुलिस सीधी का कहना है कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर नशे के विरुद्ध जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक वातावरण बन रहा है।