एयरटेल-जिओ का सिग्नल ‘बीमार’,कई गांवों में नेटवर्क ध्वस्त, नहीं लग रहा फोन, इंटरनेट ठप्प, यूजर्स को चढ़ रहा गुस्से वाला बुखार

रिपोर्ट – नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा
सीधी जिले के बहरी तहसील अंतर्गत कुचवाही क्षेत्र से लगे मझरेटी, मड़वा, शिवपुरवा, शैरपुर, जनकपुर सहित कई गांवों में एयरटेल एवं जिओ के कमजोर नेटवर्क ने हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले कई दिनों से मोबाइल नेटवर्क की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है। हालत यह है कि लोगों को सामान्य फोन कॉल करने में भी दिक्कत हो रही है, जबकि इंटरनेट सेवा लगभग ठप होने से ऑनलाइन कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
यूजर्स का कहना है कि कई बार कॉल अपने आप कट जाती है या लगती ही नहीं। इंटरनेट की गति इतनी धीमी है कि बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन पढ़ाई, सरकारी पोर्टल पर कार्य, वीडियो कॉल तथा अन्य जरूरी ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। नेटवर्क की इस समस्या के कारण विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के उपभोक्ताओं का आरोप है कि एयरटेल एवं जिओ के अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। लोगों का कहना है कि तकनीकी कर्मचारी फील्ड में दिखाई नहीं देते और फोन करने पर भी कॉल रिसीव नहीं करते, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
गुस्साए उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नेटवर्क व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो दोनों कंपनियों के संबंधित कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता एयरटेल एवं जिओ की सिम छोड़कर दूसरी दूरसंचार कंपनियों की सेवाएं लेने को मजबूर होंगे।
उपभोक्ताओं द्वारा मांग की गई है कि दूरसंचार कंपनियां उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तकनीकी टीम भेजें तथा नेटवर्क व्यवस्था में सुधार करें। साथ ही लंबे समय से खराब सेवाओं के कारण हुए नुकसान की भरपाई पर भी विचार किया जाए।
अब देखना यह होगा कि एयरटेल एवं जिओ प्रबंधन यूजर्स की इस गंभीर समस्या को कितनी प्राथमिकता देता है या फिर उपभोक्ताओं को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।