मझौली पुलिस का अवैध रेत माफियाओं पर बड़ा एक्शन, रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, आरोपी गिरफ्तार

0 177

₹2.50 लाख कीमत का ट्रैक्टर, रेत, फावड़े व तगाड़ी जब्त; वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर खान एवं खनिज अधिनियम सहित बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

सीधी। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मझौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब ₹2,50,400 कीमत का ट्रैक्टर, रेत, फावड़े एवं तगाड़ी पुलिस ने जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मझौली उप निरीक्षक विशाल शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को मझौली थाना पुलिस वारंटी तलाश एवं क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पोड़ी (पाण्ड़) की ओर से एक नीले रंग का ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर मझौली की ओर परिवहन कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम पाण्ड़-छांदा के पास घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखकर ट्रैक्टर चालक भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे ग्राम पाण्ड़ पंचायत भवन के पास पड़वारी नदी पुलिया के नीचे पकड़ लिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सोनालिका कंपनी का बिना नंबर का नीले रंग का ट्रैक्टर, रेत से भरी ट्रॉली, दो फावड़े और तीन तगाड़ी मिलीं। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राजेन्द्र प्रसाद साहू (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-11, मझौली बताया। रेत उत्खनन एवं परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित समस्त सामग्री जब्त कर ली।

आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा धारा 21/4 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

सराहनीय भूमिका:

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि विशाल शर्मा, सहायक उप निरीक्षक अरूण सिंह, आरक्षक अक्षय तिवारी (407), जितेन्द्र सिंह (205) एवं वीरेन्द्र दोहरे (577) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सीधी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment