केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल जमुना कॉलरी में छात्र परिषद अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

रिपोर्ट – नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा
दिनांक : 18 जुलाई 2026 |
अनूपपुर जिले के केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल जमुना कॉलरी में शनिवार, 18 जुलाई 2026 को छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन स्नातकोत्तर शिक्षक डॉ. रामचंद्र ने किया।
समारोह के दौरान विद्यालय की छात्र परिषद के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय स्तर पर स्वारित को छात्र कप्तान, प्रशस्ति सोनी को छात्रा कप्तान, आयुष ठाकुर को उप-कप्तान (छात्र), वैभवी साहू को उप-कप्तान (छात्रा), अंकित कुमार को खेल कप्तान (छात्र) तथा संस्कृति यादव को खेल कप्तान (छात्रा) चुना गया।
प्राचार्य मनोज कुमार ने सभी कप्तानों एवं उप-कप्तानों को बैज पहनाकर उनका अलंकरण किया और अपने संबोधन में उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र परिषद विद्यालय की व्यवस्था, अनुशासन और समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा सभी सदस्यों को विद्यालय की उन्नति के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का औपचारिक समापन हुआ। विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल नेतृत्व की कामना की।