उत्कृष्ट विद्यालय शहपुरा के प्राचार्य पर लगे आरोपों की होगी दोबारा जांच, आयुक्त ने कलेक्टर डिंडौरी को दिए निर्देश

0 394

 

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

शहपुरा (डिंडौरी)। उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहपुरा के प्राचार्य दिनेश कुमार श्रीवास्तव के विरुद्ध की गई शिकायत की पुनः जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के आयुक्त, भोपाल के निर्देश पर जिला कलेक्टर डिंडौरी को मामले की दोबारा जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।

 

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता मनीष कुमार साहू द्वारा 24 जून 2026 को प्रस्तुत शिकायत आवेदन 7 जुलाई 2026 को कार्यालय में प्राप्त हुआ था। इसके उपरांत आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, भोपाल के पत्र क्रमांक 12583 दिनांक 6 जुलाई 2026 के आधार पर संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास, जबलपुर संभाग ने कलेक्टर डिंडौरी को शिकायत की पुनः जांच कराने के निर्देश जारी किए हैं।

 

जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि जांच जिला डिंडौरी के किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा प्राचार्य स्तर के अधिकारी से कराई जाए, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। जांच पूर्ण होने के बाद विस्तृत प्रतिवेदन आयुक्त कार्यालय को भेजा जाएगा।

 

संभागीय उपायुक्त ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि उच्च कार्यालय द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए जाने के बाद उनके कार्यालय स्तर पर फिलहाल कोई अन्य कार्रवाई लंबित नहीं है।

 

अब इस मामले में पुनः जांच के आदेश के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय लोगों की निगाहें जांच प्रक्रिया तथा उसके परिणाम पर टिकी हुई हैं। यदि जांच में शिकायतों की पुष्टि होती है तो संबंधित प्राचार्य के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संभावना भी बन सकती है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment