उत्कृष्ट विद्यालय करेरा में 97 विद्यार्थियों को मिली निशुल्क साइकिलें

विधायक रमेश प्रसाद खटीक बोले— "मन लगाकर पढ़ाई करें, सरकार आपके साथ खड़ी है"

0 98

 

शिवपुरी | करेरा | संवाददाता: संतोष शर्मा

करेरा के उत्कृष्ट विद्यालय में क्षेत्रीय विधायक रमेश प्रसाद खटीक के मुख्य आतिथ्य में निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा 9वीं के 97 छात्र-छात्राओं को शासन की योजना के तहत निशुल्क साइकिलें वितरित की गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री खटीक ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है ताकि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें, छात्रवृत्ति, लैपटॉप, स्कूटी एवं साइकिल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही महिलाओं, किसानों और कर्मचारियों के हित में भी अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। विधायक ने विद्यार्थियों से विद्यालय में मिल रही सुविधाओं एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ के बारे में भी जानकारी ली।

विद्यालय के प्राचार्य अरविंद यादव ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। विधायक श्री खटीक ने बताया कि विद्यालय के विकास कार्यों के लिए 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत होकर विद्यालय को भेजी जा चुकी है, जिसका उपयोग विद्यालय के विकास में किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। पूर्व मंडल अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने भी विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष वीनस गोयल, पूर्व मंडल अध्यक्ष हेमंत शर्मा, सुरेश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि पवन निगोती, चंदू सक्सेना, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुकेश शर्मा, टीला हाईस्कूल की प्राचार्य अर्चना निगौती, वरिष्ठ शिक्षिका पूजा शर्मा, सोनू श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव सहित विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment