कुचवाही डीसी में बिजली केबल टूटी, सूचना के बाद भी मझरेटी नहीं पहुंचा विभाग, मंडरा रहा बड़ा हादसे का खतरा, ग्रामीणों में आक्रोश

रिपोर्ट – नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा
सीधी ➖मझरेटी कोठार (कुचवाही डीसी)। लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक बड़े हादसे को न्योता देती दिखाई दे रही है। 9 जुलाई 2026 की रात तेज बारिश के दौरान मझरेटी कोठार में रामचंद्र साकेत के घर के पास स्थित एक बबूल (बमूर) का पेड़ बिजली के केबल पर गिर गया, जिससे केबल टूटकर पूरी तरह जमीन पर आ गई।
स्थानीय विद्युत उपभोक्ता रमेश कुशवाहा ने घटना की सूचना तत्काल फोन के माध्यम से बिजली विभाग को दी। विभाग की ओर से मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन पूरा दिन बीत जाने के बाद भी न तो कोई कर्मचारी और न ही कोई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचा।
ग्रामीणों के अनुसार जहां बिजली का केबल जमीन पर पड़ा है, वह एक व्यस्त सार्वजनिक मार्ग है। ऐसे में वहां से गुजरने वाले राहगीरों, बच्चों और मवेशियों के लिए हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते केबल को हटाकर मरम्मत नहीं की गई और कोई जनहानि या पशुहानि होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए लापरवाह अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा जमीन पर गिरे बिजली के केबल की तत्काल मरम्मत कराकर क्षेत्रवासियों को संभावित हादसे से बचाया जाए।