कृषि मेले में गूंजा किसानों की समृद्धि का मंत्र, सम्मानित हुए जिले के प्रगतिशील कृषक

0 107

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी

रिपोर्ट शाहिद खान

 

प्राकृतिक खेती, दुग्ध उत्पादन और कृषि विविधीकरण पर जोर, प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल बोले— खेती को बनाएंगे लाभ का व्यवसाय

मझौली, सीधी। कृषक कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत मझौली में आयोजित जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेले में किसानों की भारी भागीदारी देखने को मिली। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और ग्रामीण आजीविका से जुड़े नवाचारों के बीच आयोजित इस मेले में किसानों को आधुनिक तकनीकों, प्राकृतिक खेती और आय बढ़ाने के नए अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किसान हितैषी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है, वहीं शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, फसल बीमा और कृषि यंत्रों पर अनुदान किसानों को सशक्त बना रहे हैं।

उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता बचाना और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादन करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। साथ ही सब्जी उत्पादन, फलोद्यान, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और बकरी पालन जैसी गतिविधियों को अपनाकर आय बढ़ाने का आह्वान किया।

हर विकासखंड में बने दूध चिलिंग प्लांट

प्रभारी मंत्री ने जिले के प्रत्येक विकासखंड में दुग्ध उत्पादकों की सुविधा के लिए दूध चिलिंग प्लांट स्थापित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने ग्रामीण युवाओं को कृषि आधारित कुटीर उद्योग स्थापित कर स्वरोजगार से जुड़ने का भी संदेश दिया।

महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने पर जोर

धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही मझौली क्षेत्र में चार नए आजीविका भवन स्थापित करने की घोषणा भी की।

कलेक्टर बोले— कृषि के साथ अन्य गतिविधियां बढ़ाएंगी आय

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि कृषि आधारित सीधी जिले में उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियां किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इससे परिवारों के जीवन स्तर, शिक्षा और स्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार आएगा।

सम्मानित हुए जिले के प्रगतिशील किसान

मेले में कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर अतुल कुमार सिंह (गन्नौड, रामपुर नैकिन) एवं छायामणि प्रजापति (रामडीह, सिहावल) को 25-25 हजार रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं विभिन्न विकासखंडों के 11 किसानों को कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन में उत्कृष्ट कार्य के लिए 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

कृषि प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद कर आधुनिक खेती, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य और उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। मेले के समापन पर किसानों को उन्नत किस्म के बीज भी वितरित किए गए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment