कार्य में लापरवाही एवं अनाधिकृत अनुपस्थिति पर 08 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों की सेवा समाप्त

0 117

नगर परिषद डिंडौरी में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से कार्य में लापरवाही एवं अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले 08 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।

कलेक्टर के निर्देशानुसार मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री वेद प्रकाश पुरी गोस्वामी द्वारा नगर परिषद के समस्त सफाई कर्मचारियों का जॉनवार कार्य विभाजन कर प्रत्येक कर्मचारी को निर्धारित वार्ड एवं कार्यस्थल पर नियमित रूप से स्वच्छता कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत सभी कर्मचारियों को वार्डवार सफाई, कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई एवं कचरा परिवहन का दायित्व सौंपा गया था।

स्वच्छता प्रभारी एवं सफाई दरोगाओं द्वारा नियमित निरीक्षण तथा उपस्थिति प्रतिवेदन के परीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारी बिना पूर्व सूचना एवं सक्षम अनुमति के अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित पाए गए तथा उनके द्वारा स्वच्छता कार्य में लगातार लापरवाही बरती गई। संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, किंतु संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने पर नियमानुसार कार्यवाही की गई।

उक्त कार्रवाई के तहत प्रकाश डोंगरे, दुर्गेश डोंगरे, रजरानी चौहान, राकेश, त्रिशाल रानी चन्द्रोल, सुरेंद्र, रानी चंचोल एवं राजेंद्र विशमोंगरे की दैनिक वेतनभोगी सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री वेद प्रकाश पुरी गोस्वामी ने कहा है कि नगर परिषद डिंडौरी में स्वच्छता व्यवस्था स सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नगरवासियों को बेहतर एवं सतत स्वच्छता व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment