नहीं थम रहा है हत्याओं का सिलसिला,मानगो गुरुद्वारा बस्ती में चली गोली,एक की मौत।।

जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा बस्ती निवासी एक युवक पर मुंशी मोहल्ला के पास अज्ञात हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।