महसी में बंद घर से फंदे पर लटका मिला युवक का सड़ा-गला शव, 10-12 दिन पुरानी मौत की आशंका

0 70

बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

बहराइच/महसी | प्राइड इंडिया न्यूज़ | रिपोर्ट: सुभाष कुमार विश्वकर्मा (ब्यूरो चीफ)

महसी तहसील क्षेत्र के थाना रामगांव अंतर्गत रेहुआ मंसूर गांव में एक बंद मकान से 35 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कई दिनों से घर से आ रही तेज दुर्गंध के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे के भीतर गांव निवासी बबलू (35), पुत्र बाबूलाल का शव फंदे से लटका मिला। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आशंका जताई है कि मौत लगभग 10 से 12 दिन पहले हुई होगी।

पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक एवं फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव काफी अधिक सड़-गल जाने के कारण मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बबलू अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पिता की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई मौत, इसका स्पष्ट निष्कर्ष अभी नहीं निकाला गया है। रामगांव थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment