हरई में किराना व्यापारी की हत्या, चोरी की आशंका से सनसनी; जांच में जुटी पुलिस

0 86

मनोज कुमार यादव

 

 

डिंडोरी जिले की विक्रमपुर चौकी अंतर्गत ग्राम हरई में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने एक किराना व्यापारी के घर में घुसकर कथित रूप से चोरी की वारदात को अंजाम दिया और व्यापारी की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

 

मृतक की पहचान हरई निवासी उधो राम साहू के रूप में हुई है, जो गांव में किराना व्यवसाय संचालित करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर विक्रमपुर चौकी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय उधो राम साहू घर में अकेले थे। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे और वारदात के दौरान उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

 

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। चोरी में कितना सामान ले जाया गया और हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment