साइबर सुरक्षा में डिण्डौरी का प्रदेश में डंका, “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के उत्कृष्ट संचालन पर राज्य स्तरीय सम्मान

0 149

डिण्डौरी। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने में उत्कृष्ट कार्य करने पर डिण्डौरी जिले को प्रदेश स्तर पर सम्मान मिला है। “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” अभियान के सफल संचालन एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश कैलाश मकवाना द्वारा जिला डिण्डौरी को “उत्कृष्ट प्रदर्शन” प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के नेतृत्व में जिला साइबर सेल, सभी थाना एवं चौकी पुलिस तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक चले अभियान के दौरान जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

अभियान के अंतर्गत कुल 660 कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें 23 डिजिटल एवं सोशल मीडिया जागरूकता कार्यक्रम, 16 जागरूकता रैलियां, 619 बैनर-पोस्टर प्रदर्शन, 2 साइबर क्विज प्रतियोगिताएं, 2 नुक्कड़ नाटक तथा 1 साइबर मेले का आयोजन शामिल रहा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, OTP फ्रॉड, QR कोड स्कैम, UPI एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड और फर्जी निवेश योजनाओं से बचाव के उपाय बताए गए।

 

अभियान के दौरान 47,955 नागरिकों को ऑफलाइन तथा 32,542 नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से जागरूक किया गया। इस प्रकार कुल 74,887 लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।

 

इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, साइबर सेल टीम, प्रशासन, शिक्षा विभाग, मीडिया प्रतिनिधियों और अभियान को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी सहित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास और जनसहभागिता के कारण ही डिण्डौरी को यह गौरवपूर्ण राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ है।

 

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें, OTP, बैंक खाते की जानकारी, UPI PIN और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल का उपयोग करें।

 

— जिला ब्यूरो, मनोज कुमार यादव

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment