सीधी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, भूमिपूजन, लोकार्पण, हितलाभ वितरण और समीक्षा बैठकों में होंगे शामिल

9 और 10 जुलाई को जिले में विकास कार्यों का निरीक्षण, जनप्रतिनिधियों से मुलाकात और विभिन्न विभागों की प्रगति की करेंगे समीक्षा।

0 167

 

सीधी, 8 जुलाई 2026।

मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा सीधी जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल 9 एवं 10 जुलाई को दो दिवसीय प्रवास पर सीधी जिले में रहेंगे। इस दौरान वे भूमिपूजन, लोकार्पण, हितलाभ वितरण, विभागीय समीक्षा बैठकों तथा विभिन्न विकास कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 जुलाई को प्रातः 9 बजे वे चुरहट सर्किट हाउस पहुंचेंगे। प्रातः 10:45 बजे जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रातः 11:15 बजे जनपद पंचायत रामपुर नैकिन की ग्राम पंचायत कुआं में पांच आंगनबाड़ी भवनों का भूमिपूजन करेंगे। प्रातः 11:45 बजे नगर पंचायत रामपुर नैकिन के सामुदायिक भवन में आयोजित हितलाभ वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

दोपहर 1 बजे हनुमानगढ़ तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण तथा दोपहर 1:30 बजे सेमरिया तहसील कार्यालय भवन का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे उच्च विश्राम गृह सीधी में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

अपराह्न 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके पश्चात अपराह्न 4 बजे आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पीआईयू, रेलवे भू-अर्जन, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, कृषि, जल संसाधन तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभागों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। शाम 5:30 बजे सीधी शहर में नव निर्मित पार्क का लोकार्पण करने के बाद शाम 6 बजे परसिली के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा।

10 जुलाई को प्रभारी मंत्री प्रातः 9:30 बजे सेमरिहा में कटहल प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन करेंगे। इसके बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताला में आयोजित किसान एवं महिला कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1:30 बजे ग्राम पंचायत खजुरिहा में निर्मित आवासों का लोकार्पण करेंगे तथा दोपहर 2 बजे बिजुरी (जिला अनूपपुर) के लिए प्रस्थान करेंगे।

प्रभारी मंत्री के इस दौरे को जिले में विकास कार्यों की गति, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा तथा विभिन्न परियोजनाओं के शुभारंभ की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment