डंपर से टक्कर मारने वाले चालक को 6 माह का सश्रम कारावास, इंदौर कोर्ट का फैसला
2015 के सड़क हादसे में दो लोग हुए थे घायल, न्यायालय ने आरोपी पर जुर्माना भी लगाया।

इंदौर, 8 जुलाई।
इंदौर के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री सूर्यपाल सिंह राठौर की अदालत ने वर्ष 2015 के सड़क दुर्घटना मामले में डंपर चालक को दोषी ठहराते हुए 6 माह के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी पर कुल 1500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
प्रभारी उपनिदेशक अभियोजन श्री राजेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि थाना सराफा के अपराध क्रमांक 72/2015 में आरोपी निरंजन प्रजापत (59 वर्ष), निवासी इंदौर को भारतीय दंड संहिता की धारा 338 के तहत 6 माह तथा धारा 337 के तहत 3 माह के सश्रम कारावास से दंडित किया गया। शासन की ओर से सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री अजय प्रताप सिंह बुदेला एवं श्री पंकज सिंह बघेल ने प्रभावी पैरवी की।
अभियोजन के अनुसार 12 अप्रैल 2015 को फरियादी पंकज जैन अपने साथी नितेश के साथ एक्टिवा से रीगल चौराहे से सेमिनार में जा रहे थे। इसी दौरान मालगंज चौराहे की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे डंपर ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उपचार के दौरान मेडिकल और एक्स-रे रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि होने पर मामले में धारा 338 भी जोड़ी गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, वाहन का मैकेनिकल परीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य एकत्र कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने आरोपी को दोषसिद्ध मानते हुए सजा सुनाई।