शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन पर किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान, 116 यात्रियों से ₹83,770 की वसूली

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर। मण्डल रेल प्रबंधक मुरादाबाद विनीता श्रीवास्तव के आदेश तथा प्रवर मण्डल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के निर्देशन में शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को विशेष किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एस.के. ठाकुर की देखरेख में मुख्य टिकट निरीक्षक नरेंद्र कुमार त्यागी के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में सघन जांच की गई। चेकिंग के दौरान 40 बिना टिकट यात्रियों से किराया एवं जुर्माना मिलाकर ₹30,715 तथा 75 अनियमित यात्रियों से ₹52,775 वसूले गए। वहीं स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले एक यात्री से ₹100 का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 116 मामलों में ₹83,770 की वसूली की गई।
रेल प्रशासन के अनुसार इस विशेष अभियान का सकारात्मक असर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर भी देखने को मिला। साथ ही स्टेशन परिसर में बिना वजह घूमने वाले लोगों में भी सतर्कता और दहशत का माहौल दिखाई दिया। अभियान के दौरान कुछ पुलिसकर्मी और दैनिक यात्री भी बिना वैध यात्रा दस्तावेज मिलने पर कार्रवाई की जद में आए।
मुख्य टिकट निरीक्षक नरेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि रेलवे प्रशासन के निर्देशानुसार यात्रियों को बिना टिकट यात्रा से रोकने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे किलेबंदी चेकिंग अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
यह अभियान ट्रेनों संख्या 13006, 13308, 14307, 14235, 12470, 15715, 14229, 54349, 03212, 22454, 15076, 13152 एवं 15211 सहित अन्य ट्रेनों में चलाया गया।
अभियान में टीटीई स्टाफ के अलावा टीना राज, हिना कौसर, मनीष उपाध्याय, रोशनी यादव, सुनील मिश्रा, संजीव सोनी, आशुतोष कटियार, अनिल कुमार, अजय प्रताप, आयुष कुमार तथा आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान मौजूद रहे।