कौशल्या मंदिर चंदखुरी में 26 सितम्बर से होगा ऐतिहासिक पितर मानस महोत्सव

डाॅ. मुन्नालाल देवदास ने की घोषणा, देश-विदेश के संतों का होगा आगमन
रायपुर/चंदखुरी। छत्तीसगढ़ की सनातन संस्कृति एवं श्रीरामचरित मानस के संरक्षण और प्रचार-प्रसार को समर्पित संस्था मानस दर्शन जीवन अर्पण के बैनर तले 8वाँ ऐतिहासिक पितर मानस महोत्सव 26 से 28 सितम्बर 2026 तक माँ कौशल्या मंदिर, चंदखुरी (रायपुर) में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
महोत्सव के कल्पनाकार एवं राष्ट्रपति-राज्यपाल सम्मानित साहित्यकार डाॅ. मुन्नालाल देवदास ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के बलिदानी पूर्वजों को पितृ पक्ष में मानस गान के माध्यम से सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है।
बैठक में मानस दर्शन जीवन अर्पण के कल्पनाकार दीपक गुहा ने महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की तथा “मानस ब्रह्म गर्भ” नामकरण के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डाॅ. देवदास ने दीपक गुहा का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतीक बैस, रामस्वरूप वर्मा (अध्यक्ष, माँ कौशल्या मंदिर सेवा संस्थान), देवलाल सिन्हा, दिलीप सिंह ठाकुर सहित मानस दर्शन जीवन अर्पण, जिला मानस संघ तथा माँ कौशल्या मंदिर सेवा संस्थान के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
डाॅ. देवदास ने बताया कि वर्ष 2019 में शुरू हुए इस महोत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के बलिदानी पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में उन्हें “पितर मानस महोत्सव शिल्पी सम्मान” से भी सम्मानित किया जा चुका है।
— प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी