अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 88 लीटर चुलाई शराब बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
750 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर नष्ट, कई क्षेत्रों में एक साथ चली छापेमारी

जमशेदपुर | 30 जून 2026
सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देशानुसार मंगलवार को अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध चुलाई शराब बरामद की तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
छापेमारी गालूडीह थाना क्षेत्र के काश पानी एवं केसरपुर तथा घाटशिला थाना क्षेत्र के लालडीह, धरमवहाल, मऊभंडार और गोपालपुर में की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 88 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त 750 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग की टीम ने मऊभंडार एवं गोपालपुर से अवैध चुलाई शराब के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध आगे भी लगातार सघन अभियान जारी रहेगा।
✍️ प्राइड इंडिया न्यूज़
जमशेदपुर ब्यूरो चीफ़: इंदर जीत सिंह भुल्लर