पहली बारिश में डिंडोरी की खुली पोल: जलभराव से घर-दुकानों में घुसा पानी, नगर परिषद की तैयारियों पर उठे  सवाल

0 165

 

 

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

 

 

डिंडोरी। मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर परिषद डिंडोरी की बारिश पूर्व तैयारियों की पोल खोल दी। जिन नालियों की समय रहते सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त किए जाने के दावे किए जा रहे थे, वे पहली ही बारिश में नाकाफी साबित हुए। शहर के कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में वार्ड क्रमांक 08 का कृष्ण मंदिर क्षेत्र रहा, जहां बारिश का पानी एक किराना दुकान में घुस गया। इससे दुकानदार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि नालियों की समय पर सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया गया होता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरसात हर वर्ष आने वाला मौसम है, इसके बावजूद पहली ही बारिश में सड़कों पर जलभराव और घर-दुकानों तक पानी पहुंचना नगर परिषद की लापरवाही को दर्शाता है। नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था में तत्काल सुधार, नालियों की सफाई और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 

पहली ही बारिश के बाद शहर में बने हालात ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि मानसून की शुरुआत में ही व्यवस्था चरमरा गई है, तो आने वाले दिनों में स्थिति कितनी गंभीर हो सकती है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि नगर परिषद केवल निरीक्षण तक सीमित रहती है या समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम भी उठाती है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment