पुलिस महानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार द्वारा डिण्डौरी पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया गया

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
पुलिस महानिरीक्षक, बालाघाट जोन श्री ललित शाक्यवार द्वारा आज जिला डिण्डौरी का वार्षिक निरीक्षण संपन्न किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली, अनुशासन, संसाधनों की उपलब्धता एवं पुलिस बल की कार्यक्षमता का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण की शुरुआत रक्षित केन्द्र, डिण्डौरी में परेड निरीक्षण से हुई, जहाँ पुलिस महानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार ने परेड की सलामी ली एवं पुलिस बल के अनुशासन, टर्नआउट तथा परेड की गुणवत्ता का अवलोकन किया। इसके उपरांत पुलिस वाहनों एवं अन्य संसाधनों का निरीक्षण कर उनकी कार्यशीलता एवं रखरखाव का जायजा लिया। परेड के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट, अनुशासन एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात पुलिस सम्मेलन (Police Conference) का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी सेवा संबंधी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को पुलिस महानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार के समक्ष रखा। महोदय ने सभी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके यथासंभव त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन दिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार ने पुलिस कर्मियों को अनुशासन, उत्कृष्ट टर्नआउट, संवेदनशील व्यवहार, जनसंपर्क, समयबद्ध कार्य निष्पादन एवं पारदर्शी पुलिसिंग पर विशेष बल देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सकारात्मक छवि उसके व्यवहार, कार्यशैली एवं जनता के प्रति संवेदनशीलता से निर्मित होती है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करें। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, बालाघाट जोन श्री ललित शाक्यवार द्वारा रक्षित केन्द्र परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने वर्तमान में संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए जिले में अधिकाधिक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने, डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने एवं साइबर फ्रॉड की रोकथाम हेतु व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार ने रक्षित केन्द्र, डिण्डौरी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं, शस्त्रागार, भवन परिसर, साफ-सफाई, रखरखाव एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इसके उपरांत पुलिस महानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में घटित विभिन्न अपराधों, लंबित प्रकरणों, गंभीर अपराधों की विवेचना, फरार एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, कानून-व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण से संबंधित विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान महोदय ने अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, प्रभावी पुलिसिंग, संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, एसडीओपी डिण्डौरी श्री सतीष द्विवेदी, एसडीओपी शहपुरा श्री अजय तिवारी, एसडीओपी बजाग श्री विवेक गौतम सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।