Breaking News

युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प, बस स्टैंड से कॉलेज तक चला जागरूकता अभियान

0 57

 

रिपोर्टर-सोहन श्याम

 

डिंडोरी-सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मार्गदर्शन में दिव्य ज्योति सोशल डेवलपमेंट सेंटर द्वारा संचालित शिवनिल नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, डिंडोरी के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “विकसित भारत की पहचान–नशामुक्त भारत” थीम पर शनिवार को नशा मुक्ति सप्ताह के तहत जिले में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बस स्टैंड से लेकर कॉलेज परिसर तक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत मंडला बस स्टैंड से हुई, जहां यात्रियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को नशामुक्त रहने का संकल्प दिलाया गया। टीम ने “रोको-टोको अभियान” चलाकर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर नशा मुक्ति संबंधी पंपलेट वितरित किए तथा वाहनों पर जागरूकता स्टीकर लगाए। लोगों को समझाया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए घातक है तथा इससे दूर रहकर ही स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।

इसके बाद टीम ने चंद्र विजय कॉलेज पहुंचकर छात्र-छात्राओं के बीच नशा मुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। विद्यार्थियों से अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में शिवनिल नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र की ओर से सुधा तिवारी, देवराज कछवाहा, रितु सेन, बच्चूनाथ चौहान, अजय ठाकुर एवं विवेक सहित केंद्र के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। माय भारत से आरती कुशवाहा एवं लक्ष्मण चंदेल, महिला एवं बाल विकास विभाग से , नीतू तिलगाम निकिता,रितु खांडे तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित अन्य सहयोगियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने “नशा मुक्त भारत–विकसित भारत” के संकल्प को दोहराते हुए समाज में नशामुक्ति का संदेश घर-घर पहुंचाने और इस जनआंदोलन से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment