चुरहट पुलिस की तत्परता रंग लाई: 4 वर्षीय गुमशुदा बालिका कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद

तीन विशेष पुलिस टीमों ने चलाया सर्च अभियान, ग्राम पचोखर से मिली मासूम आरूही

0 167

 

सीधी, 19 जून 2026। थाना चुरहट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और सतत प्रयासों के बल पर 4 वर्षीय गुमशुदा बालिका को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 को ग्राम नकवेल वार्ड क्रमांक-14 निवासी विमला साकेत ने थाना चुरहट में सूचना दी कि उनकी 4 वर्षीय पुत्री आरूही साकेत सुबह करीब 8 बजे घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद बच्ची का पता नहीं चल सका।

सूचना मिलते ही थाना चुरहट में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में बालिका की तलाश के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले, गांव-गांव पहुंची पुलिस

बालिका की तलाश के लिए पुलिस ने थाना क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में व्यापक सर्च अभियान चलाया। इस दौरान चुरहट नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, ऑटो और बस चालकों से पूछताछ की गई तथा गांव-गांव जाकर बालिका का हुलिया दिखाकर जानकारी जुटाई गई। सोशल मीडिया के माध्यम से भी बालिका की तस्वीर प्रसारित कर आमजन से सहयोग मांगा गया।

पुलिस की सक्रियता और स्थानीय लोगों के सहयोग से उसी दिन शाम लगभग 5:30 बजे ग्राम पचोखर से बालिका आरूही साकेत को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

बालिका की सकुशल बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक रीता त्रिपाठी, उपनिरीक्षक आशा सिलावट, सहायक उपनिरीक्षक सुनील पाठक, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाण्डेय, बृजेश पनिका, पुष्पेन्द्र मिश्रा, धीरेन्द्र बागरी तथा आरक्षक विवेक द्विवेदी, उदय तिवारी, आनंद बघेल, प्रवीण कुमार सिंह, तिलकराज सिंह एवं महिला आरक्षक सुष्मिता सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

सीधी पुलिस का संदेश: “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।” 🚔

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment