अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन जब्त
रेत एवं गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों पर कार्रवाई, आदतन कारोबारियों पर एनएसए की भी तैयारी

सीधी, 19 जून 2026।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 एवं 18 जून 2026 को रामपुर नैकिन एवं मझौली तहसील क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान खनिज रेत का अवैध परिवहन कर रहे 5 वाहनों तथा खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 1 वाहन को पकड़ा गया। रामपुर नैकिन तहसील के ग्राम बघवार क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त पांच वाहनों एवं मझौली क्षेत्र में गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त एक वाहन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया गया।
पुलिस अभिरक्षा में रखे गए जब्त वाहन
जब्त किए गए वाहनों में से तीन वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी पिपरांव, दो वाहनों को थाना रामपुर नैकिन तथा एक वाहन को थाना मझौली की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है। वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई हेतु कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
आदतन खनिज माफियाओं पर एनएसए की चेतावनी
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कलेक्टर के निर्देशानुसार अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनिज परिवहन एवं उत्खनन में आदतन संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं राजस्व हानि की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
— प्राइड इंडिया न्यूज़ 📰