खनिज विभाग की बड़ी कार्यवाहीः अवैध रेत और गिट्टी परिवहन करते तीन वाहन जब्त

रिपोर्टर-सोहन श्याम
डिंडौरी : 19 जून,2026
डिंडौरी-कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाकर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त तीन वाहनों पर कार्यवाही की।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेहंदवानी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेहंदवानी, तहसील शहपुरा एवं थाना मेहंदवानी क्षेत्र में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP51AA8639 एवं MP52AA7738 को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। कार्यवाही के तहत दोनों वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना मेहंदवानी में खड़ा कराया गया है।
इसी प्रकार ग्राम हिनौता, तहसील एवं जिला डिंडौरी क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP51AA1659 को बिना वैध अनुमति खनिज गिट्टी का परिवहन करते पाया गया। संबंधित वाहन को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु कोतवाली थाना डिंडौरी में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी तथा प्रकरण न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ राजस्व की हानि को रोका जा सके।