शाहजहांपुर में ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के खिलाफ अभियान, तीन वाहन सीज

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। जनपद में ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान एक निजी बस समेत तीन वाहनों को सीज किया गया, जबकि चार अन्य वाहनों के चालान किए गए।
यह अभियान अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में तथा यातायात क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिओम और यातायात निरीक्षक बच्चू सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग की गई।
बरेली मोड़ पर चेकिंग के दौरान एक निजी बस को रोका गया। जांच में बस में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक करीब 150 यात्री सवार मिले। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर बस को तत्काल सीज कर अजीजगंज पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया।
यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा तीन रोडवेज बसों की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक रवाना किया गया।
वहीं, खुटार क्षेत्र में अलग कार्रवाई के दौरान एक ओवरलोड खनन वाहन और एक ओवरलोड ट्रक को भी सीज किया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चार अन्य वाहनों के चालान किए गए।
अधिकारियों ने वाहन स्वामियों और चालकों से निर्धारित यात्री एवं भार क्षमता के अनुसार ही वाहन संचालित करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे तथा नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।