सिंगरौली पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक: कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई पर सख्त निर्देश

0 61

सिंगरौली | प्राइड इंडिया न्यूज़

जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार 4 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली स्थित रुस्तमजी कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री उमेश प्रजापति, एसडीओपी सिंगरौली श्री गौरव पाण्डेय, एसडीओपी चितरंगी श्री राहुल सैयाम सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक ने बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, जनसुनवाई, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं में भी समय रहते वैधानिक कार्रवाई कर अपराधों की पुनरावृत्ति रोकी जाए।

अवैध शराब और नशे के खिलाफ सख्ती

एसपी ने अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री पर लगातार कार्रवाई करने तथा 50 लीटर से अधिक अवैध शराब के मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं एनडीपीएस एक्ट के मामलों की समीक्षा करते हुए नशामुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने तथा आवश्यकतानुसार पिट एनडीपीएस एवं एनएसए के तहत कार्रवाई प्रस्तावित करने को कहा।

बीट प्रभारियों को सक्रिय करने के निर्देश

बैठक में सभी बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्र के अपराधियों, भूमि विवाद, ऋण लेन-देन विवाद और अन्य संवेदनशील मामलों की अद्यतन जानकारी रखने तथा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने हेलमेट पहनने, यातायात नियमों के पालन, नियमित वाहन चेकिंग और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वाहन चेकिंग का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं बल्कि उनकी जान बचाना है।

महिला एवं पॉक्सो मामलों में त्वरित कार्रवाई

एसपी ने महिला अपराध एवं पॉक्सो एक्ट के मामलों में 60 दिनों के भीतर विवेचना पूरी कर चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही एससी-एसटी एक्ट के लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

डायल-112 और जनसुनवाई पर विशेष फोकस

बैठक में डायल-112 सेवाओं की कार्यप्रणाली, एफआरवी वाहनों में लगे कैमरों की सुरक्षा तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया। जनसुनवाई में बढ़ती शिकायतों पर चिंता व्यक्त करते हुए थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन की समस्याओं का समाधान थाना और अनुभाग स्तर पर ही संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक न आना पड़े।

डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा

पुलिस अधीक्षक ने आईसीजेएस, ई-साक्ष्य, ई-रक्षक, ई-समंस, ई-वारंट, ई-विवेचना टेबलेट, ई-एफआईआर एवं जीरो-एफआईआर जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में एसपी श्री षियाज़ के.एम. ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, जनविश्वास बढ़ाने तथा आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment