सिंहस्थ-2028 की तैयारियां शुरू : आधुनिक तकनीक से प्रशिक्षित होगी सीधी पुलिस
VR, AI, ड्रोन और फेशियल रिकग्निशन तकनीक के जरिए दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी
सीधी। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर सीधी पुलिस ने आधुनिक और तकनीक-सक्षम प्रशिक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी द्वारा पुलिस लाइन सीधी स्थित सभागार में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक द्वारा माँ वीणा वादिनी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए प्रथम बैच के लिए 06 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य महाआयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित बनाना है।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस बल को पहली बार भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) के लिए वर्चुअल रियलिटी (VR), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन सर्विलांस और फेशियल रिकग्निशन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही “पुलिस ड्यूटी पोर्टल” और “साइबर वॉरियर्स पोर्टल” के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि साइबर सुरक्षा और समन्वय मजबूत किया जा सके।
गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना की अध्यक्षता में उज्जैन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सिंहस्थ-2028 की सुरक्षा, साइबर प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई थी।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने वर्ष 2004 के सिंहस्थ ड्यूटी अनुभव साझा करते हुए कहा कि “सिंहस्थ केवल पुलिस व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि भारत की आस्था, संस्कृति और वैश्विक पहचान का प्रतीक है। इसे सुरक्षित और विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए आधुनिक तकनीक व प्रभावी प्रशिक्षण जरूरी है।”
उन्होंने पुलिस बल को संवेदनशीलता और प्रोफेशनल दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव ने उज्जैन सिंहस्थ की भौगोलिक परिस्थितियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम में डीएसपी अजाक सुजीत कड़वे, उप निरीक्षक तरुण बेड़िया, टीओटी प्रशिक्षक रजनीश बघेल एवं संतोष साकेत सहित सभी प्रशिक्षु मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में 30 अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आगामी दिनों में जिले के समस्त पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि सिंहस्थ-2028 के दौरान सुरक्षा और प्रबंधन की चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।