Breaking News

सिंहस्थ-2028 की तैयारियां शुरू, सिंगरौली पुलिस में 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

0 78

658 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को मिलेगा प्रशिक्षण, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर रहेगा विशेष फोकस

सिंगरौली | 01 जून 2026

सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सिंगरौली पुलिस ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित रुस्तमजी कॉन्फ्रेंस हॉल में 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, निरीक्षक श्री राकेश साहू, सूबेदार श्री आशिष तिवारी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा तैयार किए गए प्रशिक्षण मॉड्यूल के तहत जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिले के कुल 658 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस विशेष प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा। प्रशिक्षण तब तक संचालित रहेगा जब तक जिले का शत-प्रतिशत पुलिस बल प्रशिक्षित नहीं हो जाता।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस बल को सिंहस्थ महापर्व की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, अभिसूचना संकलन, वीआईपी मूवमेंट, आपदा प्रबंधन, आतंकवाद एवं नक्सल गतिविधियों से सुरक्षा, चेकिंग एवं निगरानी, सोशल मीडिया प्रबंधन, संचार प्रणाली, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, विस्फोटक पदार्थों की पहचान और मेडिकल इमरजेंसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिदिन पी.टी., योग एवं मेडिटेशन का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे पुलिस बल शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम रह सके। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं, विदेशी पर्यटकों और विशिष्ट अतिथियों के साथ व्यवहार, संवाद कौशल एवं सॉफ्ट स्किल्स पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ विश्व के बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जहां करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त ज्ञान और अनुभव भविष्य में पुलिस बल को बेहतर सेवाएं देने में सहायक सिद्ध होगा तथा सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय द्वारा तैयार प्रशिक्षण मॉड्यूल में सिंहस्थ-2016 के अनुभव, आधुनिक सुरक्षा तकनीक, आपदा प्रबंधन और जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है, ताकि पुलिस बल को व्यावहारिक और प्रभावी प्रशिक्षण मिल सके।

सिंगरौली पुलिस द्वारा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को गंभीरता और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जा रहा है, जिससे सिंहस्थ-2028 में ड्यूटी के लिए पुलिस बल पूरी तरह प्रशिक्षित और तैयार रह सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment