गुलाबगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित

रूपेश कुशवाहा की रिपोर्ट
गुलाबगंज। थाना मध्य प्रदेश पुलिस गुलाबगंज में सोमवार को आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के निर्देशानुसार संपन्न हुई।
बैठक में मुस्लिम समुदाय एवं हिन्दू उत्सव समिति के प्रमुख जन, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं क्षेत्र के जिम्मेदार नागरिक उपस्थित रहे। थाना प्रभारी द्वारा सभी से आगामी बकरीद त्यौहार को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।
इस दौरान उपस्थित लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया। बैठक में नगर की शांति व्यवस्था, यातायात एवं त्योहार के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई।
समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि गुलाबगंज क्षेत्र में हमेशा की तरह इस बार भी बकरीद का पर्व आपसी सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।