“पंचायत चुनाव की बड़ी तैयारी: 18 मई को कलेक्ट्रेट में होगी हाईलेवल बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर मंथन”

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी जिले में पंचायत चुनावों की तैयारी अब तेज़ होती नजर आ रही है। पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण वर्ष 2026 को लेकर 18 मई को जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्री विकास मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न होगी। प्रशासनिक स्तर पर इसे पंचायत चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बैठक में पंचायत निर्वाचन से संबंधित फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर चर्चा होगी। प्रशासन का फोकस इस बार सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाने पर रहेगा।
बैठक में संजय गांधी महाविद्यालय सीधी के प्राध्यापक डॉ. ए.के. त्रिपाठी एवं डॉ. के.बी. सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जो संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण एवं तकनीकी जानकारी प्रदान करेंगे। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पंचायत निर्वाचन से जुड़ा यह महत्वपूर्ण कार्य बिना किसी लापरवाही के सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।