“जंगल से जनगणना तक हाई अलर्ट!”

कानून व्यवस्था, नशे के कारोबार और वनाधिकार मामलों पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन प्लान
प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी जिले में कानून व्यवस्था, वनाधिकार प्रकरणों, आपदा प्रबंधन और नशा विरोधी अभियान को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा ने राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमंडलाधिकारी प्रीती अहिरवार सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और विभागों के बीच मजबूत समन्वय के जरिए जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में पटाखा भंडारण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जिलेभर में निरीक्षण अभियान चलाने तथा सुरक्षा मानकों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। वहीं प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए थाना-वार डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में विस्थापन कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मुआवजा वितरण पूर्ण होने वाले गांवों में अभियान चलाकर विस्थापन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।
वनाधिकार दावों के निराकरण को लेकर कलेक्टर ने ऑफलाइन आवेदन लेने की सुविधा शुरू करने और सामुदायिक वनाधिकार मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करने, युवाओं को नशे से बचाने के लिए संयुक्त अभियान चलाने तथा जनगणना कार्यों में सभी विभागों को सक्रिय सहयोग देने की बात कही। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खंड स्तर पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग की नियमित संयुक्त बैठकें हों ताकि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।