हेलमेट अनिवार्यता पर सीधी पुलिस का विशेष अभियान, बाइक रैली से दिया सुरक्षा का संदेश

26 अप्रैल से 10 मई तक चल रहा अभियान, चालानी कार्रवाई के साथ जागरूकता पर जोर

0 437

 

सीधी (म.प्र.)। दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में हेलमेट अनिवार्यता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक संचालित इस अभियान के तहत यातायात पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां की जा रही हैं।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेश बैस के नेतृत्व में एक जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली को पुलिस लाइन से रक्षित निरीक्षक श्री वीरेंद्र कुमरे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर सम्राट चौराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा और सर्किट हाउस मार्ग से होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंची। रैली के माध्यम से आमजन को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

सड़क सुरक्षा पर विशेष फोकस

जिले सहित पूरे प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है, जिनमें दोपहिया वाहन चालक अधिक प्रभावित होते हैं। हेलमेट का उपयोग न करना गंभीर चोट और मृत्यु का मुख्य कारण बनता है। ऐसे में हेलमेट न केवल कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी उपाय भी है।

जागरूकता के साथ सख्ती भी

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है, वहीं शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग सेंटर और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

एसपी की अपील

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि “हेलमेट पहनना नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। सभी नागरिक दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।”

पुलिस प्रशासन ने आमजन से जिम्मेदार नागरिक बनते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment