जेल में गूंजी न्याय की दस्तक: विशेष जेल लोक अदालत में बंदियों को मिली बड़ी राहत

एक ही दिन में मामलों का निराकरण, बंदियों को मौके पर मिली विधिक सहायता
प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी जिला जेल में शनिवार को विशेष जेल लोक अदालत का सफल आयोजन हुआ, जहां बंदियों से जुड़े राजीनामा योग्य आपराधिक और प्ली बारगेनिंग मामलों के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश तथा प्रधान जिला न्यायाधीश श्री प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में आयोजित इस लोक अदालत का शुभारंभ उच्च न्यायालय जबलपुर से ऑनलाइन माध्यम से हुआ। इसके बाद जिला जेल परिसर में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सोनू जैन की खंडपीठ ने प्रकरणों की सुनवाई की।
विशेष जेल लोक अदालत में कुल 3 प्रकरण रैफर किए गए, जिनमें 1 मामले का सफल निराकरण किया गया। आयोजन के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मुकेश कुमार शिवहरे, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री मनीष कौशिक, जेल अधीक्षक श्री रविशंकर सिंह सहित लीगल एड डिफेंस काउंसिल और न्यायालयीन स्टाफ की मौजूदगी रही। बंदियों के मामलों के त्वरित समाधान को लेकर यह पहल न्याय सुलभता की दिशा में अहम मानी जा रही है।
लोक अदालत के दौरान बंदियों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उन्हें विधिक सहायता भी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बंदियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। जेल परिसर में आयोजित यह विशेष लोक अदालत न्याय व्यवस्था को मानवीय और प्रभावी बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास साबित हुई।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)