शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई PSC प्रारंभिक परीक्षा, परिजनों के लिए विशेष इंतजाम

0 389

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

सीधी जिले में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 रविवार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। संयुक्त कलेक्टर एवं परीक्षा प्रभारी अधिकारी राजेश शुक्ला ने बताया कि जिले में कुल 2812 परीक्षार्थी नामांकित थे। प्रथम पाली में 1053 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 353 अनुपस्थित रहे। विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी और व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई। द्वितीय पाली में भी 1047 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 359 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

 

परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के साथ आए परिजनों की सुविधा के लिए इस बार विशेष व्यवस्थाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर छायादार स्थान, बैठने के लिए कुर्सियां और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई। प्रशासन की इस पहल से अभिभावकों और परिजनों को राहत मिली तथा उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना की। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुव्यवस्थित माहौल बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अमला लगातार सक्रिय रहा।

 

कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभ्यर्थियों व उनके परिजनों के लिए की गई सुविधाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई तथा कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक सतर्कता और मानवीय संवेदनाओं के साथ की गई व्यवस्थाओं ने इस परीक्षा आयोजन को सफल और अनुकरणीय बना दिया।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment