कलेक्टर विकास मिश्रा का ताबड़तोड़ निरीक्षण: चेक डैम से अस्पताल तक व्यवस्थाओं की पड़ताल, लापरवाही पर सख्त चेतावनी

0 132

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

सीधी जिले में विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने कलेक्टर विकास मिश्रा ने रविवार को जनपद पंचायत सीधी की विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन निरीक्षण किया। पनवार बघेलान में खेत तालाब का निरीक्षण कर उन्होंने मत्स्य पालन, अरहर खेती और दुधारू पशुपालन के जरिए आय बढ़ाने के उपाय सुझाए, वहीं चौहान टोला के चेक डैम पर ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत साफ-सफाई और रखरखाव के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने साफ कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

झगरहा ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास, सामुदायिक भवन और नवनिर्मित पंचायत भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्ता और समय-सीमा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उत्कृष्ट पंचायत भवन निर्माण पर सरपंच की सराहना की, वहीं निर्माणाधीन कार्यों में तकनीकी अमले को तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध हों।

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया में चिकित्सकों और स्टाफ की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित उपस्थिति, बेहतर उपचार और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जनपद एवं तकनीकी अमले के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर के इस दौरे को जिले में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को कसने की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment