तेज रफ्तार बाइक का कहर,राहगीर पर चढी़ मोटरसाइकिल,सुदामा की मौके पर मौत, गांव में हाहाकार

0 441

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ नेशनल ब्यूरो चीफ – राकेश शर्मा
सीधी- जिले के बहरी तहसील अंतर्गत ग्राम नकझर खुर्द में शुक्रवार, 17 अप्रैल को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने एक राहगीर को भयानक टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नकझर खुर्द (पोखरी डोल) निवासी सुदामा साहू, उम्र लगभग 45 से 49 वर्ष,सड़क किनारे पैदल वापस घर जा रहे थे, तभी इसी दौरान तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल उनके ऊपर चढ़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुदामा साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल चालक गांव का ही केवट परिवार का एक युवक है, जो तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और नियंत्रण खो बैठा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है तथा आरोपी चालक के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया। लोगों द्वारा तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। यह भयानक हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क पर जानलेवा बनती जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment