कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं पर विशेष जोर

आदर्श उपार्जन केन्द्र बनाने के निर्देश, बेहतर कार्य पर मिलेगा ‘स्टार ऑफ द मंथ’

0 2,378

 

सीधी, 12 अप्रैल 2026

रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूं उपार्जन की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने 12 अप्रैल को जिले के विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अमरवाह, चुरहट (बीओटी गोदाम कठौतहा), सेमरिया एवं सांडा केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि 15 अप्रैल से 12 मई 2026 तक निर्धारित उपार्जन अवधि में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी केन्द्र प्रभारियों को भौतिक एवं तकनीकी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बताया कि उपार्जन कार्य सप्ताह में पांच दिवस (सोमवार से शुक्रवार) प्रातः 8 बजे से सायं 8 बजे तक संचालित होगा, जबकि तौल पर्ची सायं 6 बजे तक जारी की जाएगी। उन्होंने केन्द्रों पर हाई-स्पीड इंटरनेट, निर्बाध विद्युत आपूर्ति या जनरेटर, कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, यूपीएस सहित सभी आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

किसानों की सुविधा के लिए प्रतीक्षा कक्ष, पेयजल, शौचालय, छाया, बैठने की व्यवस्था एवं साफ-सफाई को अनिवार्य बताया गया। साथ ही गुणवत्ता परीक्षण हेतु मॉइश्चर मीटर, बड़ा छनना, पंखे एवं परखी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सूचना पटल पर उपार्जन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी, गुणवत्ता मानक, भुगतान प्रक्रिया एवं टोल-फ्री नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत तिरपाल, ड्रेनेज, अग्निशमन यंत्र, रेत, बाल्टी एवं प्राथमिक उपचार (फर्स्ट-एड) की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने प्रत्येक तहसील में दो उपार्जन केन्द्रों को आदर्श केन्द्र के रूप में विकसित करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले केन्द्र प्रभारियों एवं ऑपरेटरों को “स्टार ऑफ द मंथ” से सम्मानित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सहकारिता, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment