स्टाम्प विक्रेता एवं सेवा प्रदाताओं की बैठक आयोजित

कलेक्टर ने राजस्व वृद्धि, पारदर्शिता और ई-स्टाम्पिंग पर दिया जोर

0 722

 

सीधी, 12 अप्रैल 2026

कलेक्टर श्री विकास मिश्रा की अध्यक्षता में जिले के समस्त स्टाम्प विक्रेता एवं सेवा प्रदाताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने चालू वित्तीय वर्ष में राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने पर सभी को बधाई देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेवा प्रदाताओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सेवा प्रदाताओं के सहयोग से जिले में स्टाम्प ड्यूटी एवं पंजीयन से प्राप्त राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गोपदबनास श्री राकेश शुक्ला, जिला पंजीयक श्री अभिषेक सिंह एवं उप पंजीयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ई-स्टाम्पिंग को बढ़ावा देने के निर्देश

स्टाम्प विक्रय एवं ई-स्टाम्पिंग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ई-स्टाम्पिंग के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए ठोस सुझाव मांगे और डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया।

अनियमितताओं पर सख्ती

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंजीयन एवं स्टाम्प अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। कम मूल्यांकन, गलत वर्गीकरण या स्टाम्प ड्यूटी की कम भराई जैसी अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि एफिडेविट के लिए न्यूनतम स्टाम्प शुल्क 200 रुपये निर्धारित है, इससे कम मूल्य का स्टाम्प बेचना अधिनियम का उल्लंघन होगा।

स्टाम्प चोरी पर शून्य सहनशीलता

बैठक में स्टाम्प चोरी के मामलों पर शून्य सहनशीलता अपनाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जनसुविधा और ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार

कलेक्टर ने सेवा प्रदाताओं से कहा कि प्रतिस्पर्धा केवल बेहतर सेवाएं देने के लिए होनी चाहिए, न कि राजस्व हानि के लिए। उन्होंने साइबर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि बंधक और पावर ऑफ अटॉर्नी जैसे दस्तावेजों का पंजीयन बिना कार्यालय जाए ऑनलाइन किया जा सके। साथ ही युवा सेवा प्रदाताओं से सोशल मीडिया एवं तकनीक के माध्यम से आमजन में जागरूकता फैलाने की अपील की।

बैठक के अंत में जिला पंजीयक ने सभी स्टाम्प विक्रेताओं एवं सेवा प्रदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी समय में भी पूर्ण अनुपालन एवं राजस्व वृद्धि में सहयोग की अपेक्षा की।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment