कलेक्टर का रामपुर नैकिन दौरा: चौपालों में सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश

0 979

सीधी, 12 अप्रैल 2026

कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने 10 एवं 11 अप्रैल को रामपुर नैकिन क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर विकास कार्यों, शासकीय व्यवस्थाओं और आमजन की समस्याओं की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय एवं सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

तहसील कार्यालय रामपुर नैकिन में कलेक्टर ने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत रघुनाथपुर में आयोजित रात्रिकालीन चौपाल में 89 तथा चोरगड़ी में 72 आवेदनों पर देर रात तक सुनवाई की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर ग्राम सभाओं में भाग लेने, बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण, किसानों को पशुपालन एवं मत्स्य पालन अपनाने तथा नशामुक्ति के लिए जागरूक किया।

11 अप्रैल को ग्राम पंचायत भरतपुर में स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित हथकरघा इकाई का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता एवं विपणन सुधारने के सुझाव दिए गए। ग्राम चंदरेह में प्राचीन शिव मंदिर का भ्रमण करते हुए क्षेत्रीय विरासत का अवलोकन किया गया। साथ ही चंदरेह स्टेडियम में ‘सीधी प्रीमियम लीग’ आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत गुजरेड़ में पंचायत भवन, उचित मूल्य दुकान एवं तालाब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। वहीं पोस्ता में आयोजित “हेल्थ प्लस” इंटीग्रेटेड हेल्थ कैम्प में 181 आवेदनों की सुनवाई के साथ 923 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें ओपीडी, शुगर, बीपी, एक्स-रे, टीबी, सिकल सेल एवं एचपीवी टीकाकरण जैसी सेवाएं प्रदान की गईं।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। साथ ही आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करते हुए मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करने की सख्त हिदायत भी दी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment