शाहपुर पुलिस की लापरवाही उजागर: सड़क किनारे पड़े बैरिकेट्स बने हादसों का खतरा

जिला ब्यूरो: मनोज कुमार यादव
डिंडोरी/शाहपुर:
कस्बा शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था की एक गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिसने आमजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम नारिया स्थित हनुमान मंदिर के पास, जहां अक्सर वाहन चेकिंग की जाती है, वहीं पुलिस द्वारा उपयोग किए जाने वाले बैरिकेट्स अब लावारिस हालत में सड़क किनारे पड़े हुए हैं।
ये बैरिकेट्स, जिनका उद्देश्य यातायात नियंत्रण और दुर्घटनाओं की रोकथाम होता है, अब खुद ही खतरे का कारण बन गए हैं। जंग लगे और टूटे-फूटे बैरिकेट्स किसी भी समय राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकते हैं, विशेष रूप से रात के समय जब इनका दिखाई देना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह स्थिति कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। इससे यह प्रश्न उठता है कि जब पुलिस अपने संसाधनों के प्रति ही सजग नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
उठते सवाल
क्या पुलिस की भूमिका केवल चालान काटने तक सीमित रह गई है?
क्या इन खतरनाक बैरिकेट्स को हटाने के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?
ग्राम नारिया के पास पड़े ये बैरिकेट्स प्रशासनिक लापरवाही का प्रतीक बन चुके हैं। यदि समय रहते इन्हें नहीं हटाया गया, तो यह स्थिति किसी गंभीर हादसे को जन्म दे सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग पर ही होगी।