“संकल्प से समाधान” शिविर बहरी में आयोजित, मौके पर समाधान और हितलाभ वितरण

0 409

शाहिद खान की रिपोर्ट सीधी 

सांसद बोले—अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य | विधायक ने कहा—गांव-गांव तक पहुंच रही योजनाएं

सीधी | 09 अप्रैल 2026

जिले के जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत तहसील बहरी स्थित हायर सेकेंड्री स्कूल में “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत हितलाभ वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर ग्रामीणों को परामर्श दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत, पेयजल एवं राजस्व प्रकरणों के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया।

विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रशासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है। उन्होंने केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन शिविरों से गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि “संकल्प से समाधान” शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सांसद द्वारा नशा मुक्ति एवं बाल विवाह निषेध की शपथ भी दिलाई गई।

हितलाभ वितरण:

शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 9 लाख व 15 लाख, मुद्रा लोन में 5 लाख व 2 लाख, सहकारिता विभाग से 2-2 लाख, तथा स्व सहायता समूहों को 1.50 लाख से 3 लाख तक की सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा पीएम आवास, पेंशन, लाडली लक्ष्मी, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, एसडीएम राजेश शुक्ला, जनपद सीईओ रश्मि पाण्डेय, टीआई राजेश पाण्डेय सहित कई अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment