शंकरघाट ढोंढ़ा में रुद्र महायज्ञ व शिव महापुराण का शुभारंभ, प्राण प्रतिष्ठा के साथ निकली भव्य कलश यात्रा

0 477

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

 

डिंडौरी / शहपुरा।

विकासखंड शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोंढ़ा के शंकरघाट में 23 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक भव्य रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा का आयोजन प्रारंभ हो गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत भगवान शंकर जी एवं हनुमान जी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत संपन्न हुई। आयोजन के शुभारंभ अवसर पर पूरे गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।

 

यह सात दिवसीय धार्मिक आयोजन सेवक संघ समिति, शंकरघाट ढोंढ़ा के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में अमलेश्वर धाम से पधारे महंत श्री 108 भगतगिरि बच्चू महाराज का सानिध्य प्राप्त हो रहा है। वे अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उनका जन्मस्थान भी ढोंढ़ा ग्राम है, जिससे क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

कथावाचन का दायित्व जबलपुर से पधारी कथावाचिका नीता भारती द्वारा निभाया जा रहा है, जो शिव महापुराण की कथा का सरस एवं भावपूर्ण वर्णन कर रही हैं। वहीं यज्ञाचार्य पं. श्री रामभूषण जी महाराज वैदिक विधि-विधान से यज्ञ की प्रक्रिया संपन्न करा रहे हैं।

 

आयोजन समिति द्वारा समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया है। महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन शास्त्र प्रवचन, भजन-कीर्तन, हवन-पूजन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं।

 

इस भव्य आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित हो रहा है। स्थानीय नागरिकों सहित आसपास के गांवों के लोग भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शंकरघाट में इन दिनों भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालुओं की लगातार आमद जारी है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment