सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने किया शासकीय मेडिकल कॉलेज नौगढ़ का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली गहन समीक्षा

सीधी–सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आज सिंगरौली जिले के नौगढ़ स्थित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण कर संस्थान में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. मिश्रा ने कॉलेज परिसर के किचन, छात्रावास (हॉस्टल) सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने एवं बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, डॉ. अनिल सिंह बघेल (प्राध्यापक, पीएसएम विभाग), डॉ. अरुनाभा काली (प्राध्यापक, माइक्रोबायोलॉजी), डॉ. ओबैद नोमान इकबाल (प्राध्यापक, पैथोलॉजी), डॉ. राजवीर चौरसिया (प्राध्यापक, एनाटॉमी), डॉ. राकेश कुमार (प्राध्यापक, फिजियोलॉजी) सहित मेडिकल कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता है। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का सुचारु संचालन भविष्य में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।