नाबालिग को दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा जेल
तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई

सीधी। थाना कोतवाली पुलिस ने नाबालिग के अपहरण से संबंधित प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को दस्तयाब कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया। वहीं प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
यह था मामला
फरियादी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 नवंबर 2025 को परिवार के सदस्य धान गहाने के लिए बाहर गए थे। वापस लौटने पर नाबालिग घर पर नहीं मिली। परिजनों ने आसपास, गांव एवं रिश्तेदारियों में तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों से मिली सफलता
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने नाबालिग की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। उपलब्ध तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाबालिग को दस्तयाब किया और सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस ने प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रीति, सहायक उप निरीक्षक राज कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक आनंद एवं आरक्षक सोनू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।