पंचायत भवन निर्माण में लापरवाही पर सख्ती: सचिव अशोक तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी

0 385

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

 

डिंडौरी। ग्राम पंचायत देवरी कला, जनपद पंचायत शाहपुर के सचिव श्री अशोक तिवारी को पंचायत भवन निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में जिला पंचायत डिंडोरी द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

 

जिला पंचायत कार्यालय से जारी सूचना पत्र के अनुसार, दिनांक 06 फरवरी 2026 को कलेक्टर महोदया की अध्यक्षता में आयोजित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान उप यंत्री द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत देवरी कला में पंचायत भवन निर्माण कार्य स्वीकृति के लगभग एक वर्ष बाद भी मात्र खिड़की स्तर तक ही पहुंच पाया है। आज दिनांक तक उक्त निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका है।

 

बैठक में यह भी बताया गया कि पंचायत भवन निर्माण में सचिव द्वारा अपेक्षित रुचि नहीं ली जा रही है, जिससे कार्य अनावश्यक रूप से लंबित है। जिला पंचायत द्वारा इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता माना गया है, जो मध्य प्रदेश पंचायत सेवा आचरण नियम 1998 के उल्लंघन की श्रेणी में आता है और दंडनीय है।

 

इसी आधार पर सचिव श्री अशोक तिवारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुए पूछा गया है कि क्यों न उनके विरुद्ध मध्य प्रदेश पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के नियम-4 के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

 

जारी नोटिस में सचिव को निर्देशित किया गया है कि वे इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण दिनांक 09 फरवरी 2026 को सायं 4:00 बजे तक अधोशस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। जिला पंचायत ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्राप्त न होने की स्थिति में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment