अवैध उत्खनन पर ‘नो टॉलरेंस’, माफियाओं पर NSA का डंडा : कलेक्टर  स्वरोचिष सोमवंशी

0 6,897

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी रिपोर्ट : शाहिद खान

खनिज माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, सात दिवसीय विशेष अभियान के निर्देश

जिले में खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन पर निर्णायक प्रहार की तैयारी है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में साफ शब्दों में कहा गया कि गैरकानूनी खनन न केवल राजस्व को नुकसान पहुँचा रहा है, बल्कि कानून-व्यवस्था और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी, वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रीति अहिरवार सहित राजस्व, परिवहन, वन और खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर श्सोमवंशी ने निर्देश दिए कि अवैध उत्खनन व परिवहन में लिप्त लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ-साथ आदतन खनिज माफियाओं पर जिला बदर और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत सख्त कदम उठाए जाएँ। उन्होंने कहा कि “कानून की पकड़ इतनी मजबूत हो कि माफिया दोबारा सिर उठाने की हिम्मत न करें।” अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त वाहनों के पंजीयन निरस्त करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी तय हुआ कि सिंगरौली, शहडोल और छत्तीसगढ़ से जुड़े अवैध उत्खनन व परिवहन मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। टास्क फोर्स को सात दिवसीय विशेष अभियान चलाकर अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सघन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक प्रस्तुतीकरण में खनिज शाखा प्रभारी श्री कपिलमुनि शुक्ला ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में ऐसे 152 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। अब प्रशासन का संदेश साफ है—कानून का पहरा सख्त है और अवैध खनन पर रहम की कोई गुंजाइश नहीं।

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment