सीधी पुलिस की जांबाज कार्रवाई: पहाड़ी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर भाग रहा अवैध रेत तस्कर गिरफ्तार

सीधी पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर साहसिक और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पहाड़ी इलाके में ट्रैक्टर चढ़ाकर फरार होने की कोशिश कर रहे अवैध रेत तस्कर को थाना जमोड़ी पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध उत्खनन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना जमोड़ी को बड़ी सफलता मिली है।
घटना का विवरण
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम भेलकी स्थित सोन नदी तट पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर का चालक अवैध रेत लदी ट्रैक्टर-ट्राली को तेज गति से भगाने लगा।
पुलिस ने शासकीय वाहन से पीछा किया तो आरोपी ने पकड़ से बचने के लिए भेलकी-अमरवाह की पहाड़ी पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। ढलान और रेत के अत्यधिक वजन के कारण ट्रैक्टर का अगला हिस्सा हवा में उठ गया। खुद को घिरा देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपी एवं जप्ती
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम अनिकेत सिंह उर्फ काजू सिंह चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी अमरवाह बताया। जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्राली में अवैध रूप से उत्खनित रेत पाई गई, जिसके संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने करीब 1.55 लाख रुपये मूल्य का ट्रैक्टर-ट्राली मय रेत जप्त किया है।
कानूनी कार्रवाई
आरोपी चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(5) सहित खान एवं खनिज (विनियमन) अधिनियम, भारतीय वन अधिनियम 1927 तथा अन्य सुसंगत धाराओं के तहत थाना जमोड़ी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
सराहनीय भूमिका
इस साहसिक कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सउनि गोविंदलाल, प्रधान आरक्षक सुनील बागरी, आरक्षक अंकित सिंह एवं आरक्षक सतीश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।