जनपद पंचायत सीधी में वाइज प्रोजेक्ट के तहत महिला मेट प्रशिक्षण का आयोजन,

0 156

जनपद पंचायत सीधी के सभागार में वाइज (WISE) प्रोजेक्ट के अंतर्गत महिला मेटों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला मेटों को उनके दायित्वों के प्रभावी निर्वहन हेतु आवश्यक कौशल, जानकारी एवं नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना रहा, ताकि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जनसंपर्क के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

 

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सीधी चंदूलाल पनिका, श्रीमती सरिता सिंह, प्रदान संस्था से मास्टर ट्रेनर विशाल एवं अमृता सिंह सहित जिले भर से आई सभी महिला मेट उपस्थित रहीं।

 

प्रशिक्षण के दौरान दिए गए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन

 

प्रशिक्षण सत्रों में महिला मेटों को वाइज प्रोजेक्ट की अवधारणा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य से जुड़े विषय, महिलाओं के अधिकार, सहभागिता और सामुदायिक स्तर पर महिला सशक्तिकरण के प्रभावी तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। मास्टर ट्रेनरों द्वारा व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से महिला मेटों को यह समझाया गया कि वे किस प्रकार समुदाय में बदलाव की वाहक बन सकती हैं।

 

अधिकारियों ने किया उत्साहवर्धन

 

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने महिला मेटों को संबोधित करते हुए कहा कि महिला मेट जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं और सामाजिक बदलाव की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने महिला मेटों से अपने कार्यों में दक्षता, पारदर्शिता और सक्रियता बनाए रखने का आह्वान किया तथा प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में उतारने की अपील की। अधिकारियों ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम के समापन पर महिला मेटों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और प्रेरणादायी बताते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment